तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘अहंकारी राजा’ बताया। कहा – सरकार कृषि कानून वापस न लेकर किसानों का अपमान कर रही है। इनसे MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) और मंडियां खत्म हो जाएंगी।
प्रियंका ने कहा- किसान आंदोलन को देश ही नहीं, पूरी दुनिया देख रही है। कभी-कभी लगता है कि हमारे प्रधानमंत्री ऐसे हो गए हैं जैसे एक अहंकारी राजा थे। वे अपने महल से बाहर नहीं निकलते थे। लोग उनसे डरते थे, इसलिए उनके सामने बड़ी-बड़ी बातें कहने लगे। इससे राजा का अहंकार बढ़ता गया। उस अहंकारी राजा की तरह हमारे प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं।
किसानों का अपमान कर रहे हैं मोदी
कांग्रेस नेता ने कहा- 90 दिन से लाखों किसान शांति से बैठकर संघर्ष कर रहे हैं, 215 किसान शहीद हुए। दिल्ली के बॉर्डर को ऐसा बना दिया गया है जैसे देश की सीमा हो। किसानों को देशद्रोही, आतंकवादी, परजीवी और आंदोलनजीवी कहा गया। मेरा मानना है कि किसान हमारे देश का हृदय हैं। हर नेता को इस बात का अहसास होना चाहिए कि जनता उस पर अहसान करती है। मुझे इसका पूरा अहसास है। दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन करने वाले किसानों का अपमान किया गया। जो किसान अपने बेटों को देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर भेजता है उन्हें अपमानित किया गया।
टिकैत के आंसू पर हंस रहे थे मोदी
प्रियंका ने कहा- जब किसान नेता राकेश टिकैत की आंखों से आंसू निकले तो तब मोदी मुस्करा रहे थे। प्रधानमंत्री ने आपके सामने आकर हर चुनाव में ये वादा किया था कि गन्ने का भुगतान आपको दिया जाएगा। क्या ये आपको मिला? उन्होंने कहा था कि आपकी आमदनी दोगुनी होगी। क्या आपकी आमदनी दोगुनी हुई? मंडियों के खत्म होने से सिर्फ चंद खरबपतियों को फायदा होगा। सरकार को यह कानून वापस ले लेना चाहिए।